चोट पैर की उंगली में और एक्सरे घुटने का! भागलपुर के सरकारी अस्पताल का ‘अजब कारनामा’, मरीज हैरान

बिहार के भागलपुर जिले का नयानगर रेफरल अस्पताल एक बार फिर अपनी बदइंतजामी और डॉक्टरों के अड़ियल रवैये के कारण चर्चा में है। ताजा मामला एक महिला डॉक्टर की घोर लापरवाही और मरीज के साथ बदसलूकी का है। आरोप है कि डॉक्टर ने मरीज की उंगली की चोट के बजाय घुटने का एक्स-रे लिख दिया और जब मरीज ने गलती बताई, तो उसे गार्ड बुलाकर अस्पताल से बाहर फिंकवा दिया गया।

पीड़ित दीपक कुमार, जो एक होटल मैनेजर हैं, बाइक दुर्घटना में बाएं पैर की उंगली में चोट लगने के बाद अस्पताल पहुंचे थे। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. अन्वेषा ने उन्हें देखा और पर्चे पर घुटने का एक्स-रे कराने की सलाह दी। जब एक्स-रे ऑपरेटर ने यह गलती पकड़ी, तो दीपक वापस डॉक्टर के पास पहुंचे। दीपक का आरोप है कि जैसे ही उन्होंने पर्चे के बारे में बात की, डॉक्टर भड़क गईं और चिल्लाते हुए कहा, “डॉक्टर हम हैं या तुम?” इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।

दूसरी ओर, डॉ. अन्वेषा ने सफाई देते हुए इसे महज एक ‘मानवीय भूल’ बताया है। उनका कहना है कि मरीज ने ही उन पर चिल्लाना शुरू कर दिया था, जिसके बाद गार्ड्स को बुलाना पड़ा। हालांकि, काफी हंगामे के बाद पर्चे को सुधारा गया और जांच की गई। नयानगर अस्पताल के लिए यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी सरस्वती पूजा के दौरान डॉक्टर का न मिलना और घायल मरीज को स्ट्रेचर तक न मुहैया कराने जैसी शर्मनाक घटनाएं यहाँ हो चुकी हैं। अब स्थानीय लोग इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *