“365 दिन रहो, तुम्हारा चेहरा देखकर लोग वोट काटेंगे”! अमित शाह पर ममता का तीखा पलटवार

पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले जुबानी जंग तेज हो गई है। गुरुवार को भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी के नामांकन के दौरान अमित शाह ने कहा था कि वे चुनाव से पहले लगातार 15 दिन बंगाल में ही रहेंगे। शुक्रवार को दक्षिण दिनाजपुर के हरिरामपुर से ममता बनर्जी ने इस पर तंज कसते हुए कहा, “डराने के लिए कह रहे हो कि 15 दिन रहोगे? तुम 365 दिन रहो। जनता तुम्हारा चेहरा जितना देखेगी, उतना ही बीजेपी का वोट कटेगा।”

ममता ने शाह पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उनके चेहरे पर ‘अत्याचार और हिंसा’ के निशान हैं। टीएमसी अक्सर बीजेपी के केंद्रीय नेताओं के बंगाल दौरों को ‘डेली पैसेंजरी’ करार देती रही है। ममता ने चेतावनी दी कि अगर बीजेपी बंगाल को निशाना बनाएगी, तो टीएमसी दिल्ली को निशाना बनाएगी।

रैली के दौरान ममता ने एक गंभीर आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी बिहार और बंगाल के कुछ हिस्सों को मिलाकर एक अलग राज्य बनाने की योजना बना रही है। ममता ने हुंकार भरते हुए कहा, “वे अपनी साजिश में कभी सफल नहीं होंगे। 2026 के चुनाव में हम उन्हें धूल चटा देंगे।”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *