होर्डिंग्स के जाल में फंसा कोलकाता! ट्रैफिक सिग्नल हुए ओझल, कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दायर

चुनाव से पहले कोलकाता और साल्टलेक की सड़कों पर राजनीतिक होर्डिंग्स की बाढ़ आ गई है। इन विशाल होर्डिंग्स के कारण अब आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रमुख चौराहों पर लगे ये होर्डिंग्स ट्रैफिक सिग्नलों को पूरी तरह ढक रहे हैं, जिससे वाहन चालकों को संकेत समझने में दिक्कत हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इसी मुद्दे को लेकर वकील कुणाल चक्रवर्ती ने कलकत्ता हाई कोर्ट (Calcutta High Court) में एक जनहित याचिका दायर की है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि कई रिहायशी इलाकों में होर्डिंग्स इस तरह लगाए गए हैं कि लोगों के घरों की खिड़कियां और दरवाजे तक ढक गए हैं, जिससे घरों में प्राकृतिक रोशनी और हवा आना बंद हो गई है। याचिकाकर्ता के वकील दीप्तांशु कर का दावा है कि बिना किसी वैध टेंडर या अनुमति के ये लोहे के ढांचे खड़े किए जा रहे हैं।
इस मामले की सुनवाई अगले हफ्ते मुख्य न्यायाधीश सुजय पाल और न्यायमूर्ति पार्थसारथी सेनगुप्ता की खंडपीठ में होने की संभावना है। कोर्ट अब यह जांच करेगा कि क्या ये होर्डिंग्स नियमों के तहत लगाए गए हैं और क्या इन्हें तुरंत हटाने का आदेश दिया जाना चाहिए।