कोलकाता के मिलेनियम पार्क पर लटका ताला, अनिश्चितकाल के लिए बंद हुआ पर्यटन स्थल!

कोलकाता के मशहूर पर्यटन स्थलों में से एक, ‘मिलेनियम पार्क’ अब चुनावी राजनीति और सुरक्षा चिंताओं की भेंट चढ़ गया है। शुक्रवार दोपहर प्रशासन ने अचानक एक बड़ा फैसला लेते हुए हुगली नदी के किनारे स्थित इस पार्क और उससे सटी शिपिंग जेटी को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का आदेश जारी कर दिया। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले शहर के इस संवेदनशील इलाके में तनाव को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

दरअसल, मिलेनियम पार्क के ठीक सामने ही राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) का कार्यालय है। पिछले कुछ दिनों से विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं द्वारा यहां लगातार विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की जा रही थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई थी। प्रशासन को डर है कि पार्क में उमड़ने वाली आम लोगों की भारी भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व स्थिति को और बिगाड़ सकते हैं। शुक्रवार को जैसे ही बंदी का आदेश आया, पार्क के अंदर मौजूद सैलानियों को तुरंत बाहर जाने को कहा गया।

सुरक्षा के लिहाज से स्ट्रैंड रोड सहित आसपास के इलाकों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 (जो पहले धारा 144 थी) लागू कर दी गई है। इसके तहत किसी भी तरह के जमावड़े पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। साथ ही स्ट्रैंड रोड के एक बड़े हिस्से पर वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई है। अचानक हुई इस बंदी से न केवल पर्यटन व्यवसाय को धक्का लगा है, बल्कि वीकेंड पर घूमने की योजना बना रहे शहरवासियों को भी निराशा हाथ लगी है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बहाल होने के बाद ही पार्क को फिर से खोलने पर विचार किया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *