“जिस दिन लगेगा सब सीख लिया, वही मेरा पैक-अप होगा”, जिशु सेनगुप्ता का बड़ा बयान!

बंगाली सिनेमा के सुपरस्टार और बॉलीवुड के मंझे हुए कलाकार जिशु सेनगुप्ता इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर चर्चा में हैं। अक्षय कुमार के साथ इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म में काम करने के अपने अनुभव को उन्होंने ईटीवी भारत के साथ साझा किया। जिशु ने बताया कि प्रियदर्शन जैसे दिग्गज निर्देशक के साथ काम करना उनके लिए एक सपना सच होने जैसा है। दिलचस्प बात यह है कि प्रियदर्शन ने स्क्रिप्ट लिखते समय ही ‘वासुदेव’ के किरदार के लिए जिशु का नाम तय कर लिया था।
फिल्म के सेट पर अक्षय कुमार की मस्ती के बारे में बताते हुए जिशु ने कहा, “अक्षय पाजी के साथ काम करना मतलब ऊर्जा से भरे रहना है। चूंकि मैं उनकी ही टीम में था, इसलिए मैं उनके प्रैंक से बच गया! उल्टा, मैंने ही उनके साथ मिलकर असिस्टेंट कोरियोग्राफर की पीठ पर कागज चिपकाने में उनकी मदद की।” परेश रावल, राजपाल यादव और तब्बू जैसे सितारों के साथ काम करना जिशु के लिए सीखने का एक बड़ा मौका रहा।
जब बात पैरानॉर्मल अनुभवों की आई, तो जिशु ने बताया कि फिल्म ‘दुर्गामती’ की शूटिंग के दौरान भोपाल के एक पुराने महल में उन्होंने कुछ अजीब महसूस किया था। उन्होंने कहा, “मैंने भूत नहीं देखा, लेकिन ऊर्जा पर विश्वास करता हूँ। उस महल में एक दिया अपने आप जल जाता था और कमरे में घुसते ही एक भारीपन महसूस होता था।” करियर को लेकर जिशु का मानना है कि एक अभिनेता को हमेशा छात्र बने रहना चाहिए। उनके अनुसार, “मैंने अब तक अभिनय का केवल 2-3 प्रतिशत ही सीखा है। जिस दिन मुझे लगेगा कि मैं मास्टर बन गया हूँ, उस दिन मेरा पैक-अप हो जाएगा।”