बंगाल चुनाव के बीच फिर घुसपैठ! स्वरूपनगर सीमा पर दलाल के साथ बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के शोर के बीच उत्तर 24 परगना के स्वरूपनगर सीमा पर सुरक्षा बलों ने घुसपैठ और तस्करी की कोशिशों को नाकाम कर दिया है। बीएसएफ की 143वीं बटालियन ने एक दलाल की मदद से अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रही एक बांग्लादेशी महिला को रंगे हाथों पकड़ा। महिला की पहचान बांग्लादेश के चापाइनवाबगंज की रहने वाली फातिमा तुज जोहरा के रूप में हुई है, जबकि उसके साथ पकड़े गए दलाल का नाम कबीरुल हुसैन मंडल है।
चुनाव के समय घुसपैठ का मुद्दा बेहद संवेदनशील बना हुआ है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को स्वरूपनगर पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चुनाव के ठीक पहले इस महिला के भारत आने का असली मकसद क्या था।
उसी दिन एक अन्य घटना में, सीमा सुरक्षा बल ने तस्करी का एक अनोखा तरीका पकड़ा। तस्कर ‘मिठाई की हांडी’ में भरकर 12 किलो 400 ग्राम गांजा बांग्लादेश भेजने की फिराक में थे। हकीमपुर चेकपोस्ट के पास तलाशी के दौरान कार्तिक चंद्र दास और कबीर सरदार नाम के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त किया है और उन्हें बशीरहाट कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग की है। एसआईआर (SIR) की सख्ती के बावजूद बॉर्डर पर बढ़ती हलचल ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर डाल दिया है।