9वीं पास और करोड़ों की संपत्ति! बहरामपुर से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी का हलफनामा वायरल

बहरामपुर के दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी 30 साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर विधानसभा चुनाव के रण में उतरे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में यूसुफ पठान से हार का सामना करने के बाद, कांग्रेस ने उन्हें 2026 के बंगाल चुनाव के लिए बहरामपुर सीट से मैदान में उतारा है। उनके नामांकन पत्र के साथ दाखिल हलफनामे ने उनकी शिक्षा और संपत्ति को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

हलफनामे के अनुसार, संसद में अपनी शानदार हिंदी और अंग्रेजी के लिए मशहूर अधीर रंजन चौधरी केवल 9वीं कक्षा तक पढ़े हैं। संपत्ति की बात करें तो अधीर के पास करीब 48.40 लाख रुपये की चल संपत्ति है, जिसमें 27.60 लाख रुपये का सोना और 22 लाख की एक गाड़ी शामिल है। वहीं उनकी पत्नी अतसी चटर्जी चौधरी उनसे कहीं ज्यादा अमीर हैं। उनकी अचल संपत्ति की कीमत 4.32 करोड़ रुपये से अधिक है और उनके पास 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का सोना है।

अधीर ने हलफनामे में अपनी आय का मुख्य स्रोत सांसद के रूप में मिलने वाले भत्ते को बताया है। उनकी पत्नी संयुक्त राष्ट्र (UN) के एक विशेष कार्यक्रम में सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। इसके अलावा, कांग्रेस नेता पर अवैध रूप से भीड़ इकट्ठा करने और जांच अधिकारियों को धमकाने जैसे 5 आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। बहरामपुर के इस कांटे के मुकाबले में अधीर का यह प्रोफाइल अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *