“जितना चेहरा दिखेगा, उतना वोट कटेगा!” अमित शाह के बंगाल प्रवास पर ममता बनर्जी का तीखा हमला!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सियासी पारा अपने चरम पर पहुंच गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बंगाल में लगातार 15 दिन रुकने के ऐलान पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने करारा प्रहार किया है। शुक्रवार को दक्षिण दिनाजपुर के हरिरामपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता ने कहा, “अमित शाह डर दिखाने के लिए कह रहे हैं कि वे यहां रहेंगे। आप 15 दिन क्या, पूरे 365 दिन रहिए, बंगाल के लोग आपका चेहरा जितना ज्यादा देखेंगे, बीजेपी के वोट उतने ही कम होंगे।”

दरअसल, गुरुवार को भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी के नामांकन के दौरान शाह ने घोषणा की थी कि चुनाव प्रचार के लिए वे 15 दिनों तक बंगाल में ही रहेंगे। इसी पर पलटवार करते हुए ममता बनर्जी ने बेहद तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “आपके चेहरे पर अत्याचार और दंगों के निशान हैं, लोग उसे पहचानते हैं। इसलिए आपके रहने से हमें कोई फर्क नहीं पड़ता।”

ममता बनर्जी ने इस दौरान एक बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा, बिहार और बंगाल के कुछ हिस्सों को मिलाकर एक अलग राज्य बनाने की साजिश रच रही है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि वे बंगाल का विभाजन किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगी और 2026 के चुनाव में भाजपा को करारी शिकस्त देंगी। मुख्यमंत्री का यह बयान शाह के उस आत्मविश्वास को चुनौती देने जैसा है, जिसमें उन्होंने बंगाल में सरकार बनाने का दावा किया था। चुनावी समर में ‘दीदी’ बनाम ‘शाह’ की यह लड़ाई अब पूरी तरह से व्यक्तिगत और तीखी होती जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *