“मोदी से डरते हैं राघव चड्ढा!” पद से हटाए जाने के बाद AAP ने खोली पोल, लगाए गंभीर आरोप

आम आदमी पार्टी (AAP) और सांसद राघव चड्ढा के बीच की रार अब खुलकर सामने आ गई है। राज्यसभा में उपनेता के पद से हटाए जाने के बाद अब पार्टी ने राघव चड्ढा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति ‘नरम’ रुख अपनाने का आरोप लगाया है। राघव की जगह अशोक मित्तल को जिम्मेदारी दी गई है और पार्टी ने सचिवालय को पत्र लिखकर राघव के बोलने के समय पर भी पाबंदी लगा दी है।

पार्टी प्रवक्ता अनुराग धंधा ने राघव चड्ढा पर हमला बोलते हुए कहा कि वे संसद में वास्तविक मुद्दों पर बोलने से कतराते हैं। धंधा ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हम केजरीवाल के सिपाही हैं और हमारी पहचान निडरता है। जो मोदी से डरता है, वह देश की लड़ाई नहीं लड़ सकता।” उन्होंने आरोप लगाया कि जब संसद में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ प्रस्ताव लाया गया, तो राघव ने उस पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया। यही नहीं, जब पूरी पार्टी ने वॉकआउट किया, तब भी राघव मोदी के सामने अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए सदन में ही रुके रहे।

AAP ने पश्चिम बंगाल के मुद्दे पर भी राघव को घेरा। पार्टी का कहना है कि बंगाल में लोगों के वोट देने का अधिकार छीना जा रहा है, लेकिन राघव ने इस पर चुप्पी साधे रखी। इसके बजाय, वे संसद में एयरपोर्ट की कैंटीन में समोसा सस्ता करने जैसे गैर-जरूरी मुद्दों पर समय बर्बाद करते रहे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि राघव जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं। दूसरी ओर, राघव चड्ढा ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि भले ही उनका मुंह बंद करने की कोशिश की जाए, लेकिन उन्हें रोका नहीं जा सकता।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *