नंदीग्राम में दबंगई! बीजेपी नेता ने बुजुर्ग को सरेआम पीटा, बॉडीगार्ड ने भी बरसाए थप्पड़; वीडियो वायरल

पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। गोकुलनगर इलाके के बीजेपी नेता अशोक करण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ बेरहमी से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि बीजेपी नेता के साथ मौजूद उनके सुरक्षाकर्मी भी उस असहाय बुजुर्ग पर हाथ उठा रहे हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और डर का माहौल है।

तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इस वीडियो को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। टीएमसी नेता बाप्पाादित्य गर्ग ने इसे ‘मध्यकालीन बर्बरता’ करार देते हुए कहा, “बीजेपी अभी सत्ता में आई भी नहीं है और उनके नेताओं का अहंकार सातवें आसमान पर है। नंदीग्राम की जनता इस गुंडागर्दी से डरी हुई है।” पीड़ित बुजुर्ग का आरोप है कि वे अपने घर की मरम्मत का काम करवा रहे थे, तभी अशोक करण वहां पहुंचे और ‘बिना अनुमति’ काम कराने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी।

वहीं, आरोपी बीजेपी नेता अशोक करण ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि वे वहां हो रहे किसी झगड़े को शांत कराने गए थे। उन्होंने टीएमसी पर पलटवार करते हुए दावा किया कि यह वीडियो ‘एआई’ (AI) तकनीक की मदद से बनाया गया फर्जी वीडियो है और उन्हें चुनाव से पहले फंसाने की साजिश रची जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन इस वीडियो ने नंदीग्राम की सियासी लड़ाई को और कड़ा कर दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *