ममता की १० प्रतिज्ञाएं: अभिषेक ने बांकुड़ा में किया वादा— ६ महीने में मिलेगा वृद्धावस्था भत्ता और पक्का घर!

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को बांकुड़ा के सोनामुखी में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने दलितों और आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा उठाते हुए कहा, “भाजपा शासित राज्यों में अनुसूचित जातियों पर सबसे ज्यादा जुल्म हो रहे हैं। इस मामले में उत्तर प्रदेश पहले, राजस्थान दूसरे और मध्य प्रदेश तीसरे स्थान पर है। अत्याचार के क्षेत्र में गोल्ड, सिल्वर और ब्रोंज मेडल, ये तीनों ही भाजपा को मिलने चाहिए।”

अभिषेक बनर्जी ने रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता की जेब काट रही है। उन्होंने कहा कि ४०० रुपये का सिलेंडर आज १२०० रुपये में मिल रहा है, जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ‘लक्ष्मी भंडार’ जैसी योजनाओं के जरिए गरीबों को आर्थिक सहायता दे रही हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले १० साल में नोटबंदी, एनआरसी और लॉकडाउन के नाम पर जनता को सिर्फ कतारों में खड़ा किया गया है।

इस रैली के दौरान अभिषेक ने तृणमूल की ‘१० प्रतिज्ञाओं’ पर जोर दिया। उन्होंने वादा किया कि तृणमूल के शासन में महिलाओं को जीवनभर लक्ष्मी भंडार का लाभ मिलता रहेगा। इसके अलावा, अगले ५ वर्षों में हर घर में नल का पानी, हर ब्लॉक में ‘दुआरे स्वास्थ्य शिविर’, ६ महीने के भीतर बैंक में सीधे वृद्धावस्था भत्ता और गरीबों के लिए पक्के मकान की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बांकुड़ा में २-३ कोल्ड स्टोरेज बनाने की भी घोषणा की और लोगों से अपील की कि २३ तारीख को धूप-बारिश की परवाह किए बिना ईवीएम पर ‘जोड़ा फूल’ का बटन दबाकर भाजपा को करारा जवाब दें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *