“फिर से बेटी होगी?” इसी डर से पति ने रची खौफनाक साजिश, मां और दो बच्चियों की संदिग्ध मौत से हड़कंप

तेलंगाना के हनमकोंडा जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक शख्स ने बेटे की चाहत में अपनी गर्भवती पत्नी और दो मासूम बेटियों की कथित तौर पर हत्या कर दी। घटना पुन्नोल गांव के बाहरी इलाके की है, जहां एक निजी स्विमिंग पूल से 26 वर्षीय फरहाना और उनकी दो बेटियों, उमेरा (9) और आयशा (5) के शव बरामद किए गए हैं। मृतका के पिता शेख अली ने अपने दामाद मोहम्मद अजहरुद्दीन पर तिहरे हत्याकांड का आरोप लगाया है।
शेख अली के अनुसार, अजहरुद्दीन को डर था कि उसकी पत्नी तीसरी बार भी बेटी को ही जन्म देगी। फरहाना पांच महीने की गर्भवती थी और इससे पहले दो बार उसका गर्भपात भी कराया गया था। बुधवार रात आरोपी अपनी पत्नी और बच्चों को जन्मदिन मनाने के बहाने अपने निजी फॉर्महाउस पर ले गया। वहां परिवार ने साथ में खाना खाया, लेकिन आरोप है कि आधी रात को अजहरुद्दीन ने तीनों की हत्या कर दी और शवों को स्विमिंग पूल में फेंक दिया ताकि इसे हादसा साबित किया जा सके।
गुरुवार सुबह जब शव मिले, तो हड़कंप मच गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इसे डूबने से हुई मौत बताने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती जांच और परिवार के बयानों से मामला हत्या का लग रहा है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस की टीमें उसकी तलाश में छापेमारी कर रही हैं। यह घटना समाज में बेटा-बेटी के बीच भेदभाव और उससे उपजी क्रूरता का एक वीभत्स उदाहरण पेश करती है।