दमदम उत्तर से सौरभ सिकदर और मध्यमग्राम से राजू बनर्जी मैदान में, भाजपा ने चला बड़ा दांव

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार रात उम्मीदवारों की अपनी पांचवीं सूची जारी कर दी है। इस सूची में न केवल नए चेहरों को जगह दी गई है, बल्कि पार्टी के भीतर उठ रहे विरोध के स्वरों को शांत करने के लिए तीन सीटों पर उम्मीदवारों को बदल दिया गया है। राज्य की कुल 294 सीटों में से भाजपा अब तक 292 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है।

इस सूची में सबसे खास नाम सौरभ सिकदर का है, जो भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय तपन सिकदर के भतीजे हैं। उन्हें दमदम उत्तर से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष राजू बनर्जी को मध्यमग्राम से टिकट दिया गया है। 2021 में हार के बाद राजू बनर्जी राजनीति में कम सक्रिय थे, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य के आने के बाद उन्हें फिर से बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

कार्यकर्ताओं के भारी विरोध के कारण भाजपा ने बेहला पूर्व, बशीरहाट उत्तर और बिष्णुपुर (SC) सीटों पर अपने उम्मीदवार बदल दिए हैं। बेहला पूर्व में सुनील महाराज की जगह शंकर सिकदर को मैदान में उतारा गया है। बशीरहाट उत्तर में नारायण चंद्र मंडल के स्थान पर कौशिक सिद्धार्थ और बिष्णुपुर में अभिजीत सरदार को टिकट मिला है। बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होना है, जबकि चुनावी नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *