पीएम मोदी की सभा से पहले कूचबिहार में हड़कंप! २० कारतूस और ६ पिस्तौल के साथ २ गिरफ्ता

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ की सरगर्मियों के बीच सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कूचबिहार में एक विशाल जनसभा को संबोधित करने वाले हैं, लेकिन उनके आने से कुछ घंटे पहले ही शनिवार आधी रात को सीमावर्ती इलाके चेंगराबंद्धा में हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। बीएसएफ ने २ संदिग्धों को ६ देशी पिस्तौल और २० राउंड कारतूस के साथ धर दबोचा है।

साजिश या सुरक्षा में चूक? पकड़े गए दोनों आरोपी मेखलीगंज से हथियार लेकर आ रहे थे। रात करीब २:३० बजे बीएसएफ ने नाका चेकिंग के दौरान इन्हें दबोचा। पीएम मोदी की सुरक्षा को लेकर पहले से ही हाई-अलर्ट जारी था, ऐसे में भारी मात्रा में हथियारों का मिलना किसी बड़ी अनहोनी की ओर इशारा कर रहा है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि इन हथियारों का इस्तेमाल प्रधानमंत्री की सभा में खलल डालने के लिए तो नहीं होना था।

ममता बनर्जी के हेलीकॉप्टर के पास ड्रोन: वहीं दूसरी ओर, शनिवार को मालदा के मालतीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हेलीकॉप्टर के पास एक रहस्यमयी ड्रोन उड़ता देखा गया। खुद मुख्यमंत्री ने इसे देखा और वह तुरंत रुक गईं। मालदा के कालियाचक में हाल ही में जजों को बंधक बनाने की घटना के बाद, ममता के दौरे पर ड्रोन का दिखना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

तनाव में बंगाल की राजनीति: एक तरफ प्रधानमंत्री की सभा से पहले हथियारों की बरामदगी और दूसरी तरफ मुख्यमंत्री की सुरक्षा में सेंध—बंगाल चुनाव से पहले बारूद की गंध साफ महसूस की जा रही है। बीएसएफ ने आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया है। चुनाव में अब केवल १९ दिन बचे हैं, और इन घटनाओं ने राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है। आज कूचबिहार के मंच से पीएम मोदी सुरक्षा के इन गंभीर मुद्दों पर राज्य सरकार को कैसे घेरते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *