वैभव सूर्यवंशी के लिए लक्ष्मण का स्पेशल प्लान! जल्द ही टीम इंडिया की जर्सी में दिखेगा यह धाकड़ बल्लेबाज

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अब टेस्ट क्रिकेट में भारत के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए एक बड़े मिशन पर काम कर रहा है। हाल ही में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदानों पर मिली हार के बाद, बोर्ड ने युवा प्रतिभाओं, खासकर वैभव सूर्यवंशी जैसे उभरते सितारों को तराशने की योजना बनाई है। ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (COE) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण इस पूरी योजना का नेतृत्व कर रहे हैं।
रेड बॉल क्रिकेट पर विशेष ध्यान बीसीसीआई का मुख्य लक्ष्य अगले दशक के लिए एक मजबूत टेस्ट टीम तैयार करना है। इसके लिए जून-जुलाई में एक इंटर-सीओई टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा, जिसमें वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे जैसे युवा खिलाड़ी चार दिवसीय लाल गेंद के मैच खेलेंगे। इस टूर्नामेंट के जरिए 25 साल से कम उम्र के 64 सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों की पहचान की जाएगी। इन खिलाड़ियों को बेंगलुरु के हाई-परफॉर्मेंस कैंप में कठिन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
गौतम गंभीर और अगरकर की रणनीति टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर और चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर को इस पूरे रोडमैप की जानकारी दी गई है। योजना के अनुसार, आईपीएल खत्म होने के बाद भारत की अंडर-19 और इमर्जिंग (U-25) टीमें श्रीलंका का दौरा करेंगी। इस दौरे के लिए खिलाड़ियों का चयन इंटर-सीओई टूर्नामेंट के प्रदर्शन के आधार पर होगा। वैभव सूर्यवंशी इस योजना का एक अहम हिस्सा हैं और उन्हें भविष्य के लिए ‘शैडो टूर’ (Shadow Tour) के लिए भी तैयार किया जा रहा है।
64 खिलाड़ियों का चयन कुल 64 खिलाड़ियों में से 25 का चयन जूनियर कमेटी और 25 का चयन सीनियर कमेटी करेगी। शेष 14 खिलाड़ी आईपीएल से चुने जाएंगे, जिनमें समीर रिजवी और सूर्यवंशी जैसे नाम शामिल हैं। इन खिलाड़ियों को चार टीमों में बांटकर अलग-अलग पिचों पर खेलने का मौका दिया जाएगा ताकि वे हर परिस्थिति के लिए तैयार हो सकें। अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो वह दिन दूर नहीं जब वैभव सूर्यवंशी भारतीय सीनियर टीम के लिए मैदान पर उतरेंगे।