ईरान पर महाहमले की तैयारी? इजरायली सेना ने जारी की ‘डेथ वार्निंग’, रेल की पटरियों से दूर रहें लोग!

पश्चिम एशिया में जारी भारी तनाव के बीच एक ऐसी खबर आई है जिसने पूरी दुनिया को दहला दिया है। इजरायली रक्षा बल (IDF) ने अब सीधे ईरान के आम नागरिकों को संबोधित करते हुए एक बेहद डरावनी चेतावनी जारी की है। इस चेतावनी के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि इजरायल आज रात ईरान के खिलाफ कोई बहुत बड़ा सैन्य ऑपरेशन शुरू करने वाला है।
रेलवे को लेकर जारी हुआ ‘रेड अलर्ट’ मंगलवार को आईडीएफ ने अपने आधिकारिक फारसी सोशल मीडिया हैंडल (X) पर एक आपातकालीन निर्देश जारी किया। इजरायली सेना ने ईरान के लोगों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए रेलवे स्टेशनों और रेल की पटरियों से पूरी तरह दूर रहें। निर्देश में साफ कहा गया है कि इस समय रेल का सफर करना मौत को दावत देने जैसा होगा।
डेडलाइन: रात 9 बजे का समय! इजरायल ने ईरान के समय के अनुसार रात 9 बजे (भारतीय समयानुसार रात 11 बजे) तक का समय तय किया है। चेतावनी में कहा गया है, “अपनी सुरक्षा के लिए अभी से मंगलवार रात 9 बजे तक पूरे देश में ट्रेन या रेल मार्गों का उपयोग न करें। रेल लाइनों के पास आपकी मौजूदगी सीधे तौर पर जान का जोखिम पैदा कर सकती है।” लिखित संदेश के साथ फारसी भाषा में ग्राफिक्स पोस्ट कर इसे व्यापक रूप से प्रसारित किया गया है।
क्या पूरे ईरान पर होगा हमला? हैरानी की बात यह है कि इजरायल ने किसी खास इलाके का नाम नहीं लिया है, बल्कि पूरे ईरान के लिए यह चेतावनी जारी की है। इसका मतलब है कि ईरान का पूरा लॉजिस्टिक और रेल नेटवर्क इजरायल के निशाने पर हो सकता है। 28 फरवरी से अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी टकराव अब अपने सबसे खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। फिलहाल तेहरान की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन ईरान के आम लोगों में भारी दहशत का माहौल है।