हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर महायुद्ध के आसार! ट्रम्प की ईरान को खुली धमकी—’एक रात में कर देंगे तबाह’

हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच ठन गई है। ईरान ने दो टूक कह दिया है कि हॉर्मुज पर उसी का नियंत्रण रहेगा, जबकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने ईरान को नक्शे से मिटाने की धमकी दे दी है। ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में कहा, “अगर तेहरान समझौता नहीं करता या हॉर्मुज को नहीं खोलता, तो अमेरिका एक ही रात में पूरे ईरान को नष्ट कर सकता है।” ट्रम्प ने स्पष्ट संकेत दिया है कि मंगलवार की रात ईरान के पावर प्लांट और बुनियादी ढांचे पर बड़ा हमला हो सकता है।

इस तनाव के बीच भारत की चिंताएं बढ़ गई हैं। हॉर्मुज में भारत के १६ व्यापारिक जहाज फंसे हुए हैं, जिनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर संकट पैदा हो गया है। भारतीय नौसेना को अलर्ट पर रखा गया है और वे जलडमरूमध्य के बाहर तैनात हैं। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कतर और यूएई के विदेश मंत्रियों से फोन पर बात की है। भारत शुरू से ही इस मुद्दे को सैन्य बल के बजाय कूटनीतिक बातचीत से सुलझाने का पक्षधर रहा है, लेकिन अब पानी सिर से ऊपर जाता दिख रहा है।

आज संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में बहरीन द्वारा लाए गए एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर मतदान होना है। बहरीन का प्रस्ताव है कि व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सदस्य देशों को सैन्य शक्ति का उपयोग करने की अनुमति दी जानी चाहिए। पिछले एक महीने से हॉर्मुज बंद होने के कारण वैश्विक व्यापार ठप है। हालांकि, रूस और चीन जैसे देश सैन्य हस्तक्षेप के खिलाफ हो सकते हैं। ऐसे में भारत का स्टैंड क्या होगा, यह देखना दिलचस्प होगा। क्या ट्रम्प अपनी धमकी पर अमल करेंगे या कूटनीति की जीत होगी? पूरी दुनिया की नजरें आज रात होने वाले घटनाक्रम पर टिकी हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *