‘बंगाल की ओर आंख उठाई तो पाकिस्तान के कितने टुकड़े होंगे भगवान ही जाने’, राजनाथ सिंह की दोटूक चेतावनी!

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ द्वारा कोलकाता पर हमले की धमकी दिए जाने के बाद भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कड़ा पलटवार किया है। बैरकपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को १९७१ के युद्ध की याद दिलाई और कहा कि अगर इस बार उन्होंने बंगाल की ओर आंख उठाने की जुर्रत की, तो पाकिस्तान का क्या हश्र होगा, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती।
दरअसल, पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सियालकोट में कहा था, “अगर भारत ने फिर से कोई ‘फॉल्स फ्लैग’ ऑपरेशन करने की कोशिश की, तो अल्लाह की मर्जी से हम युद्ध को कोलकाता तक ले जाएंगे।” इस भड़काऊ बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, “पाकिस्तान के रक्षा मंत्री को ऐसे बयान नहीं देने चाहिए। ५५ साल पहले जब उनका देश दो टुकड़ों में बंटा था, तब उन्होंने उसका अंजाम भुगता था। अगर अब उन्होंने बंगाल की तरफ देखा, तो इस बार पाकिस्तान कितने टुकड़ों में बंटेगा, यह सिर्फ भगवान ही जानता है।”
राजनाथ सिंह ने पिछले साल के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का भी जिक्र किया, जो पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में किया गया था। उन्होंने गर्व से कहा कि भारतीय सेना ने महज २२ मिनट में पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। रक्षा मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पाकिस्तान फिर से किसी तरह का ‘एडवेंचर’ करने की कोशिश करता है, तो भारतीय सेना ऐसा करारा जवाब देगी जिसे वे कभी नहीं भूल पाएंगे। १९७१ में भारत की मदद से बांग्लादेश बना था, और अब पाकिस्तान को अपनी सीमाओं की चिंता करनी चाहिए।