‘मां को घर तोड़ने वाली कहा गया, दुनिया उनके प्रति बहुत क्रूर थी’, श्रीदेवी का दर्द बयां करते हुए रो पड़ीं जाह्नवी!

ग्लैमर और शोहरत की चकाचौंध के पीछे छिपे दर्द को पहली बार जाह्नवी कपूर ने दुनिया के सामने रखा है। अपनी मां और दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत के सालों बाद भी जाह्नवी के मन में कई घाव ताजा हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में जाह्नवी ने खुलकर बताया कि जीते जी उनकी मां को समाज की कितनी क्रूरता और नफरत का सामना करना पड़ा था। यहां तक कि श्रीदेवी को ‘घर तोड़ने वाली’ (Home-breaker) का टैग भी दिया गया था।
जाह्नवी ने बताया कि बोनी कपूर के साथ उनके रिश्ते को लेकर लोग अक्सर बेहद कड़वी बातें करते थे। उन्होंने कहा, “मैंने वह दौर देखा है। जब मां जीवित थीं, लोग उनके प्रति बिल्कुल दयालु नहीं थे। उन्हें न जाने क्या-क्या कहा गया। लेकिन मां ने कभी इस नफरत की आंच हम बच्चों तक नहीं पहुंचने दी।” श्रीदेवी ने हमेशा अपनी बेटियों, जाह्नवी और खुशी को दुनिया की नजरों से बचाकर रखा और उन्हें केवल अपनी सफलता और संघर्ष की कहानियां सुनाईं।
इंटरव्यू के दौरान जाह्नवी काफी भावुक हो गईं और अपनी मां से माफी भी मांगी। उन्होंने स्वीकार किया कि बचपन में वह मां के संघर्षों को नहीं समझ पाई थीं। ४ साल की उम्र से काम शुरू करने वाली श्रीदेवी ने किन आर्थिक और पेशेवर उतार-चढ़ावों का सामना किया, यह जाह्नवी अब एक अभिनेत्री बनने के बाद महसूस कर रही हैं।
जाह्नवी के मुताबिक, श्रीदेवी की मौत ने न केवल उनसे उनकी मां को छीना, बल्कि उनके पिता बोनी कपूर को भी पूरी तरह बदल दिया। जाह्नवी अपनी हर छोटी-बड़ी बात के लिए मां पर निर्भर थीं। उनकी मौत के बाद जाह्नवी इतनी टूट गई थीं कि उन्होंने गलत लोगों पर भरोसा करना शुरू कर दिया और अपनी जान तक जोखिम में डाली। जाह्नवी का मानना है कि आज की बदली हुई जाह्नवी को शायद खुद श्रीदेवी भी नहीं पहचान पातीं, क्योंकि परिस्थितियों ने उन्हें पूरी तरह बदल दिया है।