मोह-माया छोड़ बने थे संन्यासी, अब रचाई गुपचुप शादी! ‘IIT बाबा’ अभय सिंह के जीवन में आया बड़ा मोड़

लाखों की नौकरी छोड़ संन्यास लेने वाले ‘IIT बाबा’ (IIT Baba Abhay Singh) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। महाकुंभ के दौरान अपनी फर्राटेदार अंग्रेजी और आध्यात्मिक दर्शन से वायरल हुए अभय सिंह ने अब संसार त्यागने की बातें छोड़ गृहस्थ जीवन में कदम रख दिया है। सोशल मीडिया पर ‘IIT बाबा’ के नाम से मशहूर अभय सिंह ने गुपचुप तरीके से शादी रचाकर सबको हैरान कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, अभय ने बेंगलुरु की रहने वाली और पेशे से इंजीनियर प्रीतिका के साथ सात फेरे लिए हैं। दोनों की मुलाकात करीब एक साल पहले हुई थी, जो दोस्ती से शुरू होकर अब शादी के मुकाम तक पहुंच गई है। बीती १५ फरवरी को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में एक सादे समारोह में दोनों का विवाह संपन्न हुआ, जिसे १९ फरवरी को कानूनी मान्यता भी मिल गई। हाल ही में जब अभय अपनी पत्नी के साथ हरियाणा के झज्जर स्थित अपने घर पहुंचे और लैंड रिकॉर्ड विभाग में अपना केवाईसी अपडेट कराया, तब उनकी शादी की खबर सार्वजनिक हुई।

हालांकि, शादी के बाद भी अभय का कहना है कि वे पूरी तरह से घर-गृहस्थी में बंधकर नहीं रहना चाहते। वे आध्यात्मिक और सामाजिक जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देंगे। फिलहाल वे अपनी पत्नी के साथ मिलकर ‘श्री यूनिवर्सिटी’ नामक एक शिक्षण संस्थान बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं, जहां आधुनिक शिक्षा के साथ आध्यात्मिकता का संगम होगा। आईआईटी बॉम्बे से पढ़ाई के बाद कनाडा में शानदार नौकरी करने वाले अभय का संन्यास से संसार की ओर यह सफर अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *