बंगाल चुनाव के बीच कालीघाट पहुंचीं कंगना रनौत! ‘शक्ति’ की शरण में भाजपा सांसद, महिलाओं के लिए मांगा न्याय

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। प्रचार के शोर और राजनीतिक सरगर्मियों के बीच हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत मंगलवार सुबह कोलकाता पहुंचीं। कोलकाता आते ही वे सबसे पहले कालीघाट मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने मां काली की विशेष पूजा-अर्चना की। चुनावी मौसम में कंगना का यह दौरा केवल धार्मिक है या इसके पीछे कोई गहरा राजनीतिक समीकरण छिपा है, इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

कालीघाट में कंगना का दिव्य अवतार मंगलवार सुबह जब कंगना मंदिर पहुंचीं, तो उनकी सादगी और शालीनता ने सबका ध्यान खींचा। हल्के गुलाबी रंग की साड़ी, चौड़े नारंगी बॉर्डर और गले में पारंपरिक भारी आभूषणों में वे बेहद प्रभावशाली लग रही थीं। खुद को ‘शक्ति की उपासक’ बताने वाली कंगना ने मां काली के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित की और नकुलेश्वर भैरव मंदिर में भी माथा टेका। मंदिर परिसर में अपने प्रिय अभिनेत्री और सांसद की एक झलक पाने के लिए समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

बंगाल की बेटियों के लिए मांगी दुआ पूजा के बाद मीडिया से बात करते हुए कंगना ने अपने मन की बात साझा की। उन्होंने कहा, “मैं हमेशा से शक्ति की आराधना करती आई हूं और आज मां ने बुलाया तो मैं खुद को रोक नहीं पाई। मैंने देश के कल्याण के साथ-साथ विशेष रूप से बंगाल की महिलाओं के लिए प्रार्थना की है। मेरी कामना है कि बंगाल की बेटियों को न्याय मिले और मां काली उनकी रक्षा करें।” कंगना का ‘न्याय’ की बात करना राज्य की मौजूदा स्थिति की ओर एक बड़ा इशारा माना जा रहा है।

क्या होगा कंगना का चुनावी मिशन? जैसे-जैसे बंगाल में चुनाव नजदीक आ रहे हैं, भाजपा अपने दिग्गज चेहरों को मैदान में उतार रही है। ऐसे में कंगना का अचानक दौरा कई सवाल खड़े कर रहा है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे चुनाव प्रचार में शामिल होंगी, तो उन्होंने रहस्य बरकरार रखा। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट रूप से कहा कि उन्होंने मां काली से बंगाल में भाजपा की भारी जीत की कामना की है। अब देखना यह होगा कि कंगना का यह ‘शक्ति’ दर्शन मतदाताओं पर कितना प्रभाव डालता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *