‘युवसाथी’ का पैसा अब तक नहीं मिला? मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बेरोजगारों के लिए किया बड़ा ऐलान

पश्चिम बंगाल चुनाव के बीच राज्य सरकार की नई योजना ‘युवसाथी’ (Yuvasathi) को लेकर युवाओं में काफी उत्साह है। मार्च से ही लाभार्थियों के खातों में बेरोजगारी भत्ते का पैसा आना शुरू हो गया है, लेकिन कई ऐसे उम्मीदवार भी हैं जिनके मोबाइल पर न तो मैसेज आया है और न ही बैंक खाते में ₹1500 जमा हुए हैं। इस अनिश्चितता के बीच, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को उत्तर 24 परगना के बनगांव में एक चुनावी रैली के दौरान बड़ा बयान दिया है।
ममता बनर्जी ने स्पष्ट रूप से कहा, ‘युवसाथी योजना के तहत जिन्हें पैसा मिल रहा है, उन्हें मिलता रहेगा। और जिन्हें अब तक नहीं मिला है, उन्हें भी जल्द ही पैसा मिल जाएगा। किसी को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है।’ मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि जिन युवाओं ने इस पोर्टल पर अपना नाम दर्ज कराया है, भविष्य में उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करने में सरकार पूरी मदद करेगी। उन्होंने लक्ष्मी भंडार के नए आवेदकों को भी पैसा मिलने का भरोसा दिलाया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, पैसे आने में देरी का मुख्य कारण डेटा वेरिफिकेशन है। ऑनलाइन आवेदन करने वालों का डेटा सिस्टम में जल्दी अपलोड हो गया है, इसलिए उन्हें प्राथमिकता मिल रही है। वहीं, ऑफलाइन आवेदन करने वालों के दस्तावेजों की जांच जिला स्तर पर की जा रही है, जिसमें समय लग रहा है। युवसाथी योजना के तहत 21 से 40 वर्ष की आयु के बेरोजगार युवाओं को 5 साल तक हर महीने ₹1500 की वित्तीय सहायता दी जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि पैसा चरणों (Phases) में भेजा जा रहा है, इसलिए सभी के खातों में एक साथ पैसा पहुंचना संभव नहीं है।