क्या ‘मोदी की गारंटी’ पलटेगी बंगाल का गेम? लक्ष्मी भंडार से दोगुना पैसा देने का बीजेपी ने किया ऐलान

पश्चिम बंगाल के चुनावी दंगल में अब सीधे तौर पर ‘भंडार’ की राजनीति शुरू हो गई है। तृणमूल कांग्रेस की सबसे लोकप्रिय योजना ‘लक्ष्मी भंडार’ को टक्कर देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अब ‘अन्नपूर्णा भंडार’ का कार्ड खेल दिया है। रविवार को कूचबिहार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेता शमिक भट्टाचार्य ने बड़ी घोषणा की कि अगर राज्य में सत्ता परिवर्तन होता है, तो महिलाओं को मिलने वाली राशि को दोगुना कर दिया जाएगा।

अन्नपूर्णा भंडार: बीजेपी का मास्टरस्ट्रोक शमिक भट्टाचार्य ने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार अब लक्ष्मी भंडार की राशि और नहीं बढ़ा पाएगी। उन्होंने वादा किया कि जून महीने से नई सरकार राज्य की हर महिला के बैंक खाते में सीधे ३,००० रुपये प्रतिमाह भेजेगी। उन्होंने इसे ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना का नाम दिया। भाजपा का कहना है कि यह कोई चुनावी जुमला नहीं, बल्कि ‘मोदी की गारंटी’ है।

रोजगार और भ्रष्टाचार पर प्रहार: शमिक भट्टाचार्य ने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि जिन परिवारों के युवाओं की नौकरियां छीनी गई हैं या जहां भर्ती घोटाला हुआ है, वहां १५०० रुपये देकर उनकी आंखों में धूल झोंकी जा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा किसी भी जनहितकारी योजना को बंद नहीं करेगी, बल्कि उसे और बेहतर बनाकर लोगों तक पहुंचाएगी।

महिलाओं के लिए पीएम मोदी का संदेश: इसी सभा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बंगाल की महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा नारी शक्ति के सम्मान के लिए काम करती है। उन्होंने लोकसभा और विधानसभाओं में ३३ प्रतिशत महिला आरक्षण कानून का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में इसका बड़ा लाभ महिलाओं को मिलेगा। जानकारों का मानना है कि ‘लक्ष्मी भंडार’ के जवाब में ३००० रुपये का यह वादा बंगाल चुनाव में गेमचेंजर साबित हो सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *