सीक्वल नहीं बल्कि ‘वाइब सीक्वल’ है कॉकटेल 2, कृति सेनन ने फिल्म की कहानी पर किया बड़ा खुलासा!

बॉलीवुड गलियारों में इस समय केवल एक ही फिल्म की चर्चा है और वो है ‘कॉकटेल 2’। रश्मिका मंदाना, शाहिद कपूर और कृति सेनन की इस दमदार तिकड़ी ने अपने फर्स्ट लुक पोस्टर के साथ इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। निर्माताओं द्वारा जारी किए गए इन पोस्टर्स में तीनों कलाकारों का अंदाज बेहद कूल, आधुनिक और स्टाइलिश नजर आ रहा है, जिसने फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता सातवें आसमान पर पहुंचा दी है।
फिल्म में रश्मिका मंदाना ‘दिया’ के किरदार में नजर आएंगी, जिनके लुक में एक सादगी भरा आकर्षण और ताजगी है। वहीं, शाहिद कपूर ‘कुणाल’ के रूप में काफी शार्प और कॉन्फिडेंट दिख रहे हैं। कृति सेनन का किरदार ‘अलाई’ काफी बोल्ड और इंडिपेंडेंट है। ये पोस्टर्स न केवल उनके किरदारों की परतों को दर्शाते हैं, बल्कि उनके बीच के जटिल और दिलचस्प रिश्तों की ओर भी इशारा करते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि इन पोस्टर्स को फिल्म के पहले गाने ‘जब तलक’ की रिलीज से ठीक एक दिन पहले लॉन्च किया गया है। रश्मिका ने अपने सोशल मीडिया पर पूरी टीम को ‘chaotic but beautiful gang’ कहा है, जिससे यह संकेत मिलता है कि फिल्म में दर्शकों को भरपूर ड्रामा, रोमांस और कॉमेडी का तड़का मिलने वाला है। पोस्टर्स की वाइब्रेंट स्टाइलिंग बताती है कि यह फिल्म युवाओं को ध्यान में रखकर बनाई गई है।
हालांकि, कृति सेनन ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि ‘कॉकटेल 2’ पुरानी फिल्म की सीधी कहानी नहीं है, बल्कि इसे एक ‘वाइब सीक्वल’ के रूप में देखा जाना चाहिए। इसका मतलब है कि कहानी और किरदार पूरी तरह से नए हैं। होमी अदजानिया के निर्देशन और लव रंजन की लेखनी में बनी इस फिल्म की शूटिंग सिसिली और दिल्ली एनसीआर जैसी शानदार लोकेशन्स पर हुई है। मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।