‘भ्रष्टाचार का पैसा हवाई चप्पल ने खाया’, शुभेंदु अधिकारी का ममता बनर्जी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला!

बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान से पहले सियासी घमासान तेज हो गया है। बीजेपी और तृणमूल के बीच आरोप-प्रत्यारोप का स्तर अब व्यक्तिगत हमलों तक जा पहुँचा है। बीजेपी उम्मीदवार और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “आजादी के बाद बंगाल में इतना बड़ा भ्रष्टाचार कभी नहीं हुआ। ज्योतिप्रिय मल्लिक (बालू) को सर्टिफिकेट देने से साफ है कि भ्रष्टाचार का सारा पैसा ‘हवाई चप्पल’ तक पहुँचा है।”
शुभेंदु ने बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि बंगाल से ‘नौकरी’ शब्द ही गायब हो गया है। उन्होंने दावा किया कि गोसाबा और नंदीग्राम जैसे क्षेत्रों से हजारों युवा बाहर काम करने को मजबूर हैं क्योंकि पिछले 15 सालों में यहाँ कोई भर्ती नहीं हुई। मतदाता सूची से नाम कटने पर ममता की नाराजगी का जवाब देते हुए शुभेंदु ने कहा, “जिनके नाम कटे हैं, वे मृत मतदाता हैं। क्या ममता बनर्जी चाहती हैं कि मुर्दे आकर उन्हें वोट दें? चुनाव के बाद होने वाली हिंसा के लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं।”
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार सुबह भारी जनसमर्थन के बीच भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। कालीघाट स्थित अपने आवास से अलीपुर सर्वे बिल्डिंग तक का सफर उन्होंने पैदल ही तय किया। नामांकन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए ममता थोड़ी भावुक दिखीं। उन्होंने कहा, “भवानीपुर मेरा घर है, मेरा धर्म-कर्म यहीं से जुड़ा है। मैं यहीं पली-बढ़ी हूँ और यहीं के लोगों ने मुझे सब कुछ दिया है।”
ममता ने एक बार फिर जीत का संकल्प दोहराते हुए कहा, “हम ही फिर से सरकार बनाएंगे। केवल भवानीपुर ही नहीं, बल्कि बंगाल की सभी 294 सीटों पर तृणमूल और उसके समर्थकों की जीत होगी।” जहाँ एक तरफ शुभेंदु भ्रष्टाचार को मुद्दा बना रहे हैं, वहीं ममता बनर्जी अपनी क्षेत्रीय पहचान और विकास के दम पर फिर से सत्ता हासिल करने का दावा कर रही हैं। 23 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के चुनाव ने बंगाल की राजनीति में उबाल ला दिया है।