‘पाकिस्तान कोलकाता पर हमले की धमकी दे रहा और मोदी बाबू मुंह पर ल्यूकोप्लास्ट लगाए बैठे हैं!’ आरामबाग में गरजीं ममता

भवानीपुर से अपना नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है। बुधवार को आरामबाग के कालीपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पाकिस्तान की धमकी से लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली तक पर सवाल उठाए।
हाल ही में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को धमकी देते हुए कहा था कि अगर पाकिस्तान पर हमला हुआ, तो वे अपनी कार्रवाई कोलकाता तक ले जाएंगे। इसी मुद्दे पर पीएम मोदी को घेरते हुए ममता ने कहा, “जब बंगाल को पाकिस्तान के नाम पर धमकी दी जा रही है, तब मोदी बाबू चुप क्यों हैं? उन्होंने अपने मुंह पर ल्यूकोप्लास्ट क्यों लगा रखा है? भारत पाकिस्तान की इस गीदड़ भभकी पर खामोश क्यों है?”
वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने पर अमित शाह (मोटा भाई) पर तंज कसते हुए ममता ने कहा, “मोटा भाई जिस गरीब के घर खाना खाने गए थे, आज उसका नाम ही वोटर लिस्ट से काट दिया गया है। आयोग ने ट्रिब्यूनल जाने का मौका दिए बिना लिस्ट ‘फ्रीज’ क्यों की? मैं एक वकील होने के नाते कह रही हूं कि हम इसके खिलाफ फिर से अदालत जाएंगे।” उन्होंने केंद्र सरकार पर देश की संपत्तियों को ‘चैत्र सेल’ की तरह बेचने का आरोप लगाया और कहा कि बीजेपी का हश्र बहुत बुरा होने वाला है।
आरामबाग की सभा में ममता ने स्थानीय किसानों को भी साधा। उन्होंने बताया कि सरकार खुद आलू खरीद रही है ताकि किसानों को नुकसान न हो। साथ ही उन्होंने वादा किया कि राज्य में सभी कच्चे घरों को पक्का बनाया जाएगा और ‘लखमीर भंडार’ योजना जीवन भर जारी रहेगी।