चुनावी सरगर्मी के बीच सिलीगुड़ी में शर्मनाक वारदात, युवती से छेड़छाड़, आरोपी को कॉलर पकड़कर खींच लाई पीड़िता!

पश्चिम बंगाल में चुनाव से ठीक पहले राजगंज विधानसभा क्षेत्र में महिला सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। बुधवार रात शिकारपुर इलाके में एक युवती के साथ सरेआम छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। हालांकि, युवती ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आरोपी का डटकर मुकाबला किया। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।

क्या है पूरा मामला? मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता बुधवार रात सिलीगुड़ी जाने के लिए शिकारपुर हाट के पास बस का इंतजार कर रही थी। बस आने में देरी होने के कारण वह पास की एक फास्ट फूड की दुकान पर जाकर बैठ गई। आरोप है कि वहां मौजूद एक युवक ने पहले युवती पर अश्लील फब्तियां कसीं और फिर उसके पास आकर बैठ गया। बात यहीं खत्म नहीं हुई, आरोपी ने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और उसे हाथ पकड़कर अंधेरे की ओर खींचने की कोशिश करने लगा।

युवती का साहस और आरोपी की तलाश बजाय डरने के, युवती ने साहस दिखाया और आरोपी का कॉलर पकड़कर उसे भीड़ के सामने खींच लाई। युवती की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी की जमकर धुनाई कर दी। हालांकि, मौका पाकर आरोपी वहां से भागने में सफल रहा। बाद में पीड़िता ने बेलाकोबा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और राजनीतिक गलियारों में भी इस घटना को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *