‘बिना तलाक दूसरी शादी!’ बीजेपी उम्मीदवार हिरण चटर्जी के हलफनामे ने खोली पोल

अभिनेता और राजनेता हिरण चटर्जी (Hiran Chatterjee) इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़े विवादों में घिर गए हैं। साल 2026 के विधानसभा चुनाव में श्यामपुर से भाजपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करते ही उनके वैवाहिक स्टेटस पर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, कुछ समय पहले हिरण ने बनारस के घाट पर ऋतिका के साथ शादी की तस्वीरें साझा की थीं, लेकिन अब उनके चुनावी हलफनामे (Affidavit) में पत्नी के स्थान पर उनकी पहली पत्नी अनिंदिता चटर्जी का नाम दर्ज है, जिसके आगे ‘सेपरेटेड’ (अलग) लिखा गया है।

इस खुलासे के बाद अनिंदिता चटर्जी ने हिरण पर तीखा हमला बोला है। अनिंदिता का दावा है कि उनका अभी तक कानूनी रूप से तलाक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, “नामांकन पत्र ने साबित कर दिया कि मेरी बात सच थी। जब कानूनी तलाक हुआ ही नहीं, तो वह किसी और के साथ शादी कैसे कर सकते हैं? यह कानूनन अपराध है।” अनिंदिता ने तंज कसते हुए कहा कि हिरण कानूनी रूप से विवाहित हैं, इसलिए उन्हें हलफनामे में मेरा नाम देना पड़ा, लेकिन वह सालों से दूसरी महिला के साथ रह रहे हैं।

आजकल डॉट इन से बात करते हुए अनिंदिता ने अपना दर्द साझा किया। उन्होंने कहा कि इस पूरी स्थिति में वह और उनकी बेटी सबसे ज्यादा पीड़ित हैं। समाज में अपराधियों को कुछ नहीं होता, लेकिन भुक्तभोगी को मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ती है। अनिंदिता के अनुसार, ‘सेपरेटेड’ लिख देने से कानूनी अलगाव नहीं हो जाता; इसके लिए कानूनी नोटिस और अदालती प्रक्रिया जरूरी है, जो अभी तक पूरी नहीं हुई है।

चुनाव के ठीक पहले इस विवाद ने भाजपा की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जब अनिंदिता से पूछा गया कि क्या वह दोबारा कानूनी रास्ता अपनाएंगी, तो उन्होंने कहा, “मैंने सब सोच रखा है, जल्द ही आपको सब पता चल जाएगा।” हिरण की दूसरी शादी की तस्वीरों और अब हलफनामे में पहली पत्नी के नाम ने मतदाताओं के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि श्यामपुर की जनता इस विवाद के बीच हिरण चटर्जी पर कितना भरोसा जताती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *