AI नहीं, ये रोंगटे खड़े कर देने वाली हकीकत है! एक कमरे में ठूंस-ठूंस कर रखे थे 250 कुत्ते, RSPCA का बड़ा खुलासा

सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर ने दुनिया भर के पशु प्रेमियों को स्तब्ध कर दिया है। तस्वीर में एक घर के भीतर सैकड़ों कुत्तों को एक साथ बुरी हालत में देखा जा सकता है। शुरुआत में इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का कमाल माना जा रहा था, लेकिन ब्रिटेन की संस्था RSPCA ने पुष्टि की है कि यह तस्वीर पूरी तरह से असली है। संस्था के अधिकारी जो हर्स्ट ने कहा, “यह दृश्य इतना डरावना है कि लोग इसे सच नहीं मानना चाहते, लेकिन यह बढ़ती हुई एक गंभीर समस्या है।”
इस साल की शुरुआत में एक घर से लगभग 250 पुडल-क्रॉस नस्ल के कुत्तों को बचाया गया था। बताया जा रहा है कि पारिवारिक समस्याओं के कारण कुत्तों की संख्या अनियंत्रित रूप से बढ़ती गई और मालिक उनकी देखभाल करने में असमर्थ हो गया। इनमें से 87 कुत्तों को RSPCA ने गोद लिया है, जबकि बाकी को ‘डॉन्ग्स ट्रस्ट’ भेजा गया है। बचाए गए कुत्तों में से कई की हालत बेहद नाजुक है और उन्हें लंबे इलाज की जरूरत है।
RSPCA के आंकड़ों के अनुसार, इंग्लैंड और वेल्स में इस तरह के मामलों में 2021 के बाद से 70 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पिछले साल ही संस्था ने ऐसे 4,200 मामले संभाले थे जहां एक ही पते पर 10 से ज्यादा जानवर पाए गए थे। मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दे, आर्थिक तंगी और जानवरों के अत्यधिक प्रजनन को न रोक पाना इसके मुख्य कारण बताए जा रहे हैं। फिलहाल ये शेल्टर होम भर चुके हैं, इसलिए संस्था ने लोगों से अपील की है कि वे इन बेजुबानों को गोद लेने के लिए आगे आएं।