पार्थ चटर्जी से साढ़े ५ घंटे की पूछताछ, १५ पन्नों का बयान दर्ज! ईडी के हत्थे चढ़ी प्रसन्न रॉय की ८ लग्जरी कारें

पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती घोटाले (SSC Scam) की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार को एक बार फिर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शनिवार सुबह ईडी की एक बड़ी टीम केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी के नकतला स्थित आवास पर पहुंची। करीब साढ़े पांच घंटे की कड़ी पूछताछ के बाद जांच अधिकारियों ने पार्थ चटर्जी का १५ पन्नों का विस्तृत बयान दर्ज किया है।
पार्थ से कड़ी पूछताछ: सूत्रों के अनुसार, भर्ती मामले में आरोपी पूर्व एसएससी सलाहकार समिति के अध्यक्ष एसपी सिन्हा और अन्य अधिकारियों के बयानों के आधार पर पार्थ से सवाल पूछे गए। आरोप है कि जमानत मिलने के बाद ईडी ने उन्हें कई बार समन भेजा था, लेकिन वे हाजिर नहीं हुए। इसी के चलते शनिवार को अधिकारी सीधे उनके घर जा पहुंचे। पूछताछ के दौरान ‘मिडलमैन’ प्रसन्न रॉय का नाम प्रमुखता से उभरा है। ईडी को संदेह है कि पार्थ द्वारा अर्जित अवैध धन को प्रसन्न रॉय के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में निवेश किया गया था।
प्रसन्न रॉय की ८ कारें जब्त: पार्थ चटर्जी के घर रेड के साथ ही ईडी ने प्रसन्न रॉय के दो कार्यालयों पर भी छापेमारी की। इस दौरान करोड़ों रुपये मूल्य की ८ लग्जरी कारें जब्त की गई हैं, जिनमें ऑडी, मर्सिडीज और बीएमडब्ल्यू जैसे बड़े ब्रांड शामिल हैं। जांच में पता चला है कि प्रसन्न रॉय, एसपी सिन्हा और पार्थ चटर्जी के बीच सेतु का काम कर रहे थे। ईडी अब जेल में जाकर प्रसन्न रॉय से भी पूछताछ करने की तैयारी में है।
पार्थ के १५ पन्नों के बयान में कई प्रभावशाली लोगों के नाम होने की संभावना है। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले ईडी की इस कार्रवाई ने बंगाल की राजनीति में खलबली मचा दी है।