भोर में कांपा कश्मीर! डोडा में 4.6 तीव्रता का भूकंप, गहरी नींद में सो रहे लोगों में मची भगदड़

रविवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.6 मापी गई। यह भूकंप रविवार तड़के करीब 4:32 बजे आया, जब ज्यादातर लोग सो रहे थे। झटके इतने तेज थे कि लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
भूकंप का केंद्र डोडा में जमीन से महज 10 किलोमीटर नीचे (उथला भूकंप) था। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि भूकंप का अक्षांश 33.090 उत्तर और देशांतर 75.928 पूर्व था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, 0 से 70 किलोमीटर की गहराई पर आने वाले भूकंप ‘उथले भूकंप’ (Shallow Earthquakes) कहलाते हैं। डोडा में आया यह भूकंप जमीन के काफी करीब था, जिस कारण इसकी तीव्रता का अहसास काफी ज्यादा हुआ। जम्मू-कश्मीर के इस संवेदनशील जोन में बार-बार आ रहे भूकंपों ने विशेषज्ञों को चिंता में डाल दिया है। इससे पहले भी घाटी में सोमवार सुबह और अफगानिस्तान में आए भूकंप के झटकों ने दिल्ली तक असर दिखाया था।