राहुल गांधी के आने से पहले बवाल! रायगंज में कांग्रेस का हेलिपैड तोड़ा, तृणमूल पर आरोप

रायगंज में राहुल गांधी के दौरे से पहले सियासी घमासान पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ के लिए मतदान शुरू होने में अब महज ९ दिन शेष हैं। ऐसे में कांग्रेस के स्टार प्रचारक राहुल गांधी आज राज्य के दौरे पर आ रहे हैं। राहुल गांधी की रायगंज, मालदा और मुर्शिदाबाद में बड़ी जनसभाएं होनी हैं। लेकिन उनके पहुंचने से ठीक २४ घंटे पहले रायगंज स्टेडियम में बने अस्थाई हेलिपैड का एक हिस्सा तोड़े जाने को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने सीधे तौर पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर इस तोड़फोड़ का आरोप लगाया है।

२० साल के लंबे अंतराल के बाद कांग्रेस इस बार पश्चिम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ रही है। रायगंज में कांग्रेस प्रत्याशी मोहित सेनगुप्ता के समर्थन में राहुल गांधी की सभा तय है। कांग्रेस नेत्री दीपा दासमुंशी ने आरोप लगाया कि “एसडीओ (SDO) से लिखित अनुमति मिलने के बावजूद तृणमूल के लोगों ने तानाशाही दिखाते हुए हेलिपैड को क्षतिग्रस्त कर दिया। तृणमूल राजनीतिक शिष्टाचार पूरी तरह भूल चुकी है।”

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए अपना तर्क पेश किया है। उत्तर दिनाजपुर तृणमूल उपाध्यक्ष अरिंदम सरकार ने कहा कि “३ अप्रैल को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सभा के लिए यह हेलिपैड हमारे उम्मीदवार के खर्च पर बनाया गया था। चुनावी नियमों के तहत मैदान खाली करना हमारी जिम्मेदारी थी। कांग्रेस ने हमें कोई पूर्व सूचना नहीं दी थी।” जिला प्रशासन के अनुसार, हर नए आयोजन के लिए नई एनओसी (NOC) अनिवार्य है।

विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुद ही हेलिपैड की मरम्मत का काम पूरा किया। राहुल गांधी आज रायगंज के अलावा मालदा के चांचल और मुर्शिदाबाद के कृषि मंडी मैदान में भी हुंकार भरेंगे। बंगाल की राजनीति में २० साल बाद अकेले उतरी कांग्रेस के लिए राहुल का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है, लेकिन हेलिपैड विवाद ने चुनावी तापमान को और बढ़ा दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *