‘बंगाल कभी नहीं झुकता, करारा जवाब मिलेगा’! आई-पैक प्रमुख की गिरफ्तारी पर अमित शाह को अभिषेक की खुली चुनौती

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक १० दिन पहले, तृणमूल कांग्रेस की चुनावी रणनीति बनाने वाली संस्था आई-पैक (I-PAC) के सह-संस्थापक विनेश चंदेल की गिरफ्तारी ने राज्य में राजनीतिक भूचाल ला दिया है। इस घटना के बाद टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला है।
लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव पर सवाल: अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा कि विनेश चंदेल की गिरफ्तारी केवल चिंताजनक नहीं है, बल्कि यह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव (Level Playing Field) की धारणा को खत्म करने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में जहां एक स्वस्थ लोकतंत्र दिखना चाहिए था, वहां केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से डर का माहौल बनाया जा रहा है। अभिषेक के अनुसार, “विपक्ष के लिए काम करने वालों को निशाना बनाना लोकतंत्र नहीं, बल्कि डराने की राजनीति है।”
केंद्रीय एजेंसियों पर प्रहार: डायमंड हार्बर के सांसद ने चुनाव आयोग, ED, NIA और CBI जैसी संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब ये संस्थान दबाव में झुक जाते हैं, तो जनता का भरोसा टूटने लगता है। उन्होंने अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा, “आप ४ और ५ मई को बंगाल में रहें और अपनी एजेंसियों को भी साथ रखें। लेकिन याद रहे, बंगाल न कभी डरा है और न कभी सिर झुकाएगा। यह वह भूमि है जो डर का जवाब प्रतिरोध से देती है।”
ED की दलील: गौरतलब है कि २ अप्रैल को विनेश के आवास पर छापेमारी की गई थी। ED का दावा है कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं और विनेश के जवाब संतोषजनक नहीं थे, जिसके कारण उन्हें गिरफ्तार किया गया है। चुनाव के मुहाने पर हुई इस गिरफ्तारी ने बंगाल की चुनावी लड़ाई को और भी आक्रामक बना दिया है।