एंटाली में बीजेपी प्रत्याशी प्रियंका टिबरेवाल पर ‘हमला’! टीएमसी कार्यकर्ताओं पर लगा गंभीर आरोप

कोलकाता के एंटाली विधानसभा क्षेत्र के धापा इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान जबरदस्त हंगामा खड़ा हो गया। बीजेपी उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल ने आरोप लगाया है कि उन पर और उनके कार्यकर्ताओं पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लोगों ने हमला किया। प्रियंका के अनुसार, जब वह बीजेपी के संकल्प पत्र का प्रचार कर रही थीं, तब टीएमसी की महिला कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोक दिया और उनके साथ बदसलूकी की गई।
प्रियंका टिबरेवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “पिछले दो दिनों से हमें निशाना बनाया जा रहा है। तपसिया और टैंगरा में भी हमारे रास्ते रोके गए। हमलावरों के पास हथियार थे, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।” उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि केंद्रीय सुरक्षा बलों (CRPF) को खुली छूट दी जाए ताकि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित हो सके। प्रियंका ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए और उन पर कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि एंटाली सीट २०११ से टीएमसी का गढ़ रही है, जहाँ स्वर्ण कमल साहा लगातार तीन बार जीते हैं। इस बार टीएमसी ने स्वर्ण कमल साहा के स्थान पर उनके बेटे संदीपन साहा को टिकट दिया है। बीजेपी ने एक बार फिर प्रियंका टिबरेवाल पर भरोसा जताया है, जो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर उपचुनाव लड़कर चर्चा में आई थीं। जहाँ एक तरफ टीएमसी ‘परिवारवाद’ के आरोपों के बीच अपनी सीट बचाने की कोशिश में है, वहीं प्रियंका टिबरेवाल विकास और सुरक्षा के मुद्दों को लेकर मैदान में हैं। इस हमले की खबर के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।