बालकनी में हरियाली का जादू! अब कम जगह में भी उगेगा अपना छोटा सा जंगल, देखें आसान टिप्स

आज 14 अप्रैल को ‘राष्ट्रीय उद्यान दिवस’ (National Gardening Day 2026) मनाया जा रहा है। यदि आप भी पौधों के शौकीन हैं लेकिन जगह की कमी के कारण पीछे हट रहे हैं, तो अब समय आ गया है अपनी छोटी सी बालकनी को एक खूबसूरत ‘मिनी फॉरेस्ट’ में बदलने का। थोड़े से स्मार्ट प्लानिंग के साथ आप कंक्रीट के इस दौर में भी अपनी हरियाली की प्यास बुझा सकते हैं।

वर्टिकल गार्डनिंग और रेलिंग का उपयोग: जब फर्श पर जगह कम हो, तो दीवारों का इस्तेमाल करें। आप अपनी बालकनी की खाली दीवारों पर वर्टिकल स्ट्रक्चर या हैंगिंग पॉट्स लगा सकते हैं। मनी प्लांट, बोस्टन फर्न या टर्टल वाइन जैसे पौधे दीवारों को पूरी तरह ढंक देंगे, जिससे एक घना एहसास होगा। इसके अलावा, रेलिंग प्लांटर्स का उपयोग करें। इनमें आप पिटुनिया, पोर्टुलका या तुलसी और पुदीना जैसे औषधीय पौधे उगा सकते हैं। इससे बालकनी के फर्श पर जगह भी बचेगी और बाहर से देखने में भी यह बेहद आकर्षक लगेगा।

लेयरिंग और सही पौधों का चुनाव: प्राकृतिक जंगल की तरह दिखने के लिए ‘लेयरिंग’ तकनीक अपनाएं। बालकनी के एक कोने में एरिका पाम या रबर प्लांट जैसे ऊंचे पौधे रखें, उनके सामने मध्यम ऊंचाई के पौधे और सबसे आगे छोटे या रेंगने वाले पौधे सजाएं। यदि आपकी बालकनी में धूप कम आती है, तो मॉन्स्टेरा, स्नेक प्लांट, सिनगोनियम और पीस लिली जैसे चौड़े पत्तों वाले पौधे लगाएं। ये पौधे कम रोशनी में भी अच्छी तरह बढ़ते हैं और आपको एक ट्रॉपिकल जंगल का अनुभव कराते हैं।

सजावट और मानसिक शांति: गार्डनिंग केवल एक शौक नहीं, बल्कि एक थेरेपी भी है। पौधों के आसपास सफेद कंकड़ बिखेरें और शाम के वक्त ‘वार्म-व्हाइट’ फेयरी लाइट्स का उपयोग करें। यह आपकी बालकनी को एक जादुई स्पर्श देगा। इस ‘नेशनल गार्डनिंग डे’ पर बहुत अधिक सोचे बिना सिर्फ एक या दो पौधों से शुरुआत करें। धीरे-धीरे आपकी यही छोटी बालकनी आपके घर का सबसे सुकून भरा कोना बन जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *