आईसीसी विश्व कप, भारतीय बल्लेबाज़ को ‘टाटा’- कहना पड़ा महंगा, दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर म्लाबा पर गिरी गाज
ई, 11 अक्टूबर: दक्षिण अफ्रीका की स्पिनर नॉनकुलुलेको म्लाबा (Nonkululeko Mlaba) को आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 में भारत के खिलाफ मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई गई है। शनिवार को यह कार्रवाई की गई।
दरअसल, भारतीय बल्लेबाज़ हरलीन देओल को आउट करने के बाद म्लाबा ने उन्हें ‘गुडबाय’ का इशारा किया था। आईसीसी ने म्लाबा के इस एक्शन को लेवल 1 आचार संहिता का उल्लंघन माना, जो ‘किसी अंतर्राष्ट्रीय मैच के दौरान बल्लेबाज़ के आउट होने पर ऐसे भाषा, कार्य या हावभाव का उपयोग करने से संबंधित है जो अपमानजनक हों या आक्रामक प्रतिक्रिया को भड़का सकते हों’ (आर्टिकल 2.5)।
इस उल्लंघन के लिए म्लाबा को आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई गई है और उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। म्लाबा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी ट्रुडी एंडरसन द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया, जिससे किसी औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। आईसीसी के नियमों के तहत, 24 महीने की अवधि के भीतर चार या अधिक डिमेरिट पॉइंट जमा होने पर खिलाड़ी पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।