गाजा समिट में मेलोनी को ‘ब्यूटीफुल यंग वूमेन’ बोले ट्रंप,”राजनीतिक करियर खत्म हुआ तो भी खतरा उठाऊंगा!”
मिस्र में आयोजित गाजा शांति शिखर सम्मेलन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान के कारण तुरंत सुर्खियां बटोर गया। ऐतिहासिक ‘स्थायी शांति और समृद्धि के लिए ट्रंप घोषणा’ पर हस्ताक्षर के बाद मंच पर मौजूद लगभग 30 विश्व नेताओं के बीच इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी अकेली महिला नेता थीं।
भाषण के दौरान, ट्रंप अचानक मेलोनी की ओर मुड़े और उन्हें “एक खूबसूरत युवा महिला” कहकर उनकी प्रशंसा की। टिप्पणी से पहले ट्रंप ने यह भी स्वीकार किया कि अमेरिका में ऐसी बात करना उनके राजनीतिक करियर के लिए जोखिमभरा हो सकता है। उन्होंने कहा, “मुझे यह कहने की अनुमति नहीं है, क्योंकि आमतौर पर ऐसा कहने से आपका राजनीतिक करियर खत्म हो जाता है… वह एक खूबसूरत युवा महिला हैं।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे जोड़ा, “अगर आप अमेरिका में किसी महिला के लिए ‘ब्यूटीफुल’ शब्द का इस्तेमाल करते हैं, तो यह आपके राजनीतिक करियर का अंत होता है, लेकिन मैं खतरा उठाऊंगा।” इसके बाद, ट्रंप मेलोनी की ओर मुड़े और सीधे पूछा, “आपको सुंदर कहे जाने से कोई आपत्ति नहीं है, है ना?” ट्रंप ने सांस्कृतिक और आव्रजन नीतियों पर अपनी वैचारिक सहयोगी मेलोनी को “अविश्वसनीय” बताया और उनके राजनीतिक कद को स्वीकार करते हुए कहा, “इटली में लोग उनका वास्तव में सम्मान करते हैं। वह एक बहुत सफल नेता हैं।”
ट्रंप की मध्यस्थता से हुए इस गाजा शांति समझौते में इज़रायल और हमास दोनों शामिल हैं, जिसके तहत इज़रायली बंधकों की रिहाई हुई है और गाजा से इज़रायल की सैन्य वापसी की क्रमिक शुरुआत होने की उम्मीद है।