‘बॉडी काउंट’ कमेंट पर भड़कीं एली अवराम, बोलीं—’हम ही क्यों शैतान, महिलाओं को ही हमेशा क्यों किया जाता है टारगेट?’
यूट्यूबर आशीष चंचलानी के साथ अपनी एक तस्वीर वायरल होने के बाद एक्ट्रेस एली अवराम को महीनों पहले सोशल मीडिया पर भयंकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। उस समय उन्हें अश्लील ‘बॉडी काउंट’ वाली टिप्पणियों के ज़रिए निशाना बनाया गया। हालाँकि, बाद में यह ख़ुलासा हुआ कि वह तस्वीर उनके नए रोमांटिक गाने ‘चांदनिया’ के प्रमोशन के लिए किया गया एक मज़ाक था। अब महीनों बाद, एली ने ट्रोल्स पर पलटवार करते हुए उन्हें करारा जवाब दिया है।
एली ने साफ़ कहा है कि हमेशा महिलाओं को ही क्यों निशाना बनाया जाता है, पुरुषों को क्यों नहीं? उन्होंने ऐसी भद्दी और पितृसत्तात्मक टिप्पणियाँ करने वालों को ‘बहुत दुखी’ और ‘हताश’ पुरुष बताया, जिनके लिए वह केवल प्रार्थना ही कर सकती हैं।
एली अवराम को नहीं पता था ‘बॉडी काउंट’ का मतलब
टाइम्स नाउ को दिए एक इंटरव्यू में एली अवराम ने बताया कि जब तक उनके Gen-Z दोस्तों ने उन्हें इस शब्द का मतलब नहीं समझाया, तब तक उन्हें ‘बॉडी काउंट’ का अर्थ नहीं पता था। इस शब्द को ‘घिनौना’ बताते हुए उन्होंने ट्रोल्स पर नाराज़गी ज़ाहिर की और कहा कि महिलाओं को हमेशा शैतान के रूप में पेश किया जाता है। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह हमेशा महिलाओं के साथ होता है। यह कभी पुरुषों के साथ नहीं होता। हमेशा हम ही; हम ही शैतान हैं। और यह सिर्फ़ समाज, जीवन और हताश पुरुषों की देन है, शायद बहुत दुखी भी हैं—हम सिर्फ़ उनके लिए प्रार्थना कर सकते हैं और उन्हें अधिक रोशनी के साथ आशीर्वाद दे सकते हैं ताकि वे और परिपक्व हों, स्वस्थ हों और महिलाओं तथा इंसानों का सम्मान करना सीखें।”
उन्होंने आगे बताया, “बॉडी काउंट का मतलब कुछ और है, जिसका मतलब ईमानदारी से कहूँ तो मुझे भी नहीं पता था जब तक कि मेरे Gen-Z के लोगों ने मुझे नहीं समझाया। इसका मतलब है कि आप शारीरिक रूप से कितने लोगों के साथ रहे हैं। इसलिए यह बहुत घिनौना था।”
इस दौरान, एली ने सोशल मीडिया पर उनका समर्थन करने के लिए उर्फी जावेद की तारीफ़ भी की और कहा कि उर्फी उन लोगों में से हैं जो सच में आवाज़ उठाती हैं। बता दें कि जुलाई में आशीष चंचलानी ने भी एली को टारगेट करने वाले ट्रोल्स को फटकार लगाई थी।