२५ दिसंबर को ‘इक्कीस’ होगी रिलीज़! परम वीर चक्र विजेता अरुण खेत्रपाल की बायोपिक में अगस्त्य के अपोजिट सिमर
अभिनेता अक्षय कुमार की बहन अलका भाटिया की बेटी सिमर भाटिया (Simar Bhatia) अभिनेता अगस्त्य नंदा (Agastya Nanda) अभिनीत फिल्म ‘इक्कीस’ (Ikkis) के साथ बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं। बुधवार को सोशल मीडिया पर इस फिल्म का पहला रोमांटिक गाना ‘सितारे’ रिलीज़ हुआ है, जिसे मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने गाया है। गाने में अगस्त्य के साथ सिमर रोमांस करती नज़र आई हैं।
गाने की रिलीज़ के साथ ही, निर्माताओं ने सिमर भाटिया का पहला लुक पोस्टर भी जारी किया है। अपनी भांजी का फिल्म इंडस्ट्री में स्वागत करते हुए, अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर एक भावुक लंबा नोट लिखा है। उन्होंने कहा कि सिमर का सिनेमा में कदम रखना उनके परिवार के लिए एक खास पल है और वह बहुत गर्व महसूस कर रहे हैं।
अक्षय कुमार का संदेश: अक्षय ने अपने पोस्ट में लिखा: “तुम्हें बचपन में गोद में लिया, और अब तुम्हें सिनेमा की दुनिया में कदम रखते हुए देख रहा हूँ… ज़िंदगी ने सचमुच एक चक्र पूरा कर लिया। सिमर, मैंने तुम्हें माँ के पीछे छिपने वाली शर्मीली लड़की से एक आत्मविश्वास से भरी युवा महिला में बदलते देखा है, जो कैमरे का सामना करने के लिए तैयार है, जैसे तुम इसी के लिए पैदा हुई थी।”
अक्षय ने आगे कहा, “रास्ता कठिन होगा, लेकिन तुम्हें जानने के नाते मैं कह सकता हूँ कि तुम उसी उत्साह, उसी ईमानदारी और हमारे परिवार के उसी जिद्दी संकल्प के साथ आगे बढ़ोगी। हमारे भाटिया का फंडा आसान है- काम करो, दिल लगाकर करो, और फिर ब्रह्मांड का जादू देखो।”
अक्षय ने अंत में लिखा: “मुझे तुम पर बहुत गर्व है, बेटा… दुनिया अब सिमर भाटिया से परिचित होने वाली है… लेकिन मेरे लिए तुम हमेशा एक सितारा रहोगी। जाओ, चमको! जय महादेव।”
वॉर ड्रामा (War Drama) शैली की फिल्म ‘इक्कीस’ परम वीर चक्र विजेता अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है। इस फिल्म में सिमर ने अगस्त्य के अपोजिट मुख्य महिला किरदार निभाया है। श्रीराम राघवन द्वारा निर्देशित यह फिल्म आगामी २५ दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।