रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ के ट्रेलर में छाई ‘अम्मा’, खौफनाक अवतार देख कांप उठेंगे आप!

रानी मुखर्जी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘मर्दानी 3’ का ट्रेलर सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है। इस बार निर्भीक पुलिस अफसर शिवानी शिवाजी रॉय का मुकाबला किसी पुरुष अपराधी से नहीं, बल्कि एक बेहद खतरनाक और रहस्यमयी महिला ‘अम्मा’ से है। टीज़र में अम्मा के खौफनाक और शांत अंदाज ने दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। हर कोई जानना चाहता है कि आखिर ये ‘अम्मा’ कौन है?

इस दमदार भूमिका को निभाने वाली अभिनेत्री का नाम मल्लिका प्रसाद है। बेंगलुरु में जन्मी मल्लिका नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) की छात्रा रही हैं। वे न केवल एक मंझी हुई अभिनेत्री हैं, बल्कि एक निर्देशक, शिक्षिका और थिएटर एक्टिविस्ट भी हैं। मल्लिका ने अपने करियर की शुरुआत १९९९ में कन्नड़ फिल्म ‘कानूरू हेग्गादिति’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘गुप्तगामिनी’, ‘गर्भा’ और ‘माघा मयूरी’ जैसी फिल्मों से कन्नड़ सिनेमा में अपनी धाक जमाई।

मल्लिका को आपने हाल ही में मनोज बाजपेयी और कोंकणा सेन शर्मा की सीरीज ‘किलर सूप’ में भी देखा होगा। उन्होंने अनुराग कश्यप की फिल्म ‘ऑलमोस्ट प्यार विद डीजे मोहब्बत’ में भी काम किया है। इतना ही नहीं, पर्दे के पीछे भी उनका जलवा बरकरार है। उनके द्वारा निर्देशित शॉर्ट फिल्म ‘माई एला’ को अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराहा और पुरस्कृत किया गया है।

‘मर्दानी 3’ में अपने किरदार के बारे में मल्लिका कहती हैं, “अम्मा एक ऐसा किरदार है जिसने मुझे मेरी कंफर्ट ज़ोन से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया। वह क्रूर है लेकिन उसके पीछे एक इतिहास है। आदित्य चोपड़ा और यशराज फिल्म्स ने मुझे इस किरदार को अपने तरीके से गढ़ने की पूरी आजादी दी।” उन्होंने रानी मुखर्जी के अभिनय की भी जमकर तारीफ की। अभिराज मिनावाला के निर्देशन में बनी यह फिल्म ३० जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *