चेक बाउंस मामला, दिल्ली हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत, तिहाड़ जेल पहुंचे राजपाल यादव

मशहूर बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने चेक बाउंस के एक पुराने मामले में गुरुवार को दिल्ली की तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण कर दिया है। दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा ९ करोड़ रुपये के भुगतान की समय सीमा बढ़ाने से इनकार करने के बाद अभिनेता के पास जेल जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था।
यह मामला साल २०१० का है, जब राजपाल ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए ५ करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म फ्लॉप हो गई और यह कर्ज उनके लिए गले की फांस बन गया। सरेंडर करने से पहले एक भावुक वीडियो में राजपाल ने अपनी आर्थिक तंगी का जिक्र करते हुए कहा कि उनके पास अब पैसे नहीं बचे हैं। हालांकि कागजों पर उनकी नेटवर्थ ५० से ८५ करोड़ रुपये बताई जाती है, लेकिन वर्तमान में वह गहरे वित्तीय संकट से जूझ रहे हैं।
मुसीबत की इस घड़ी में सोनू सूद, गुरमीत चौधरी और गुरु रंधावा जैसे कलाकारों ने राजपाल की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। सोनू सूद ने उन्हें अपनी फिल्म में साइन किया है ताकि वह सम्मान के साथ अपना कर्ज चुका सकें। वहीं, बिहार के नेता तेज प्रताप यादव ने ११ लाख रुपये और केआरके ने १० लाख रुपये की मदद का ऐलान किया है। सिने कर्मचारियों के संगठन FWICE ने भी फिल्म इंडस्ट्री से उनके समर्थन की अपील की है।