HBD: ‘छावा’ बन दुनियाभर में छाए विक्की कौशल
‘ये दुख काहे खत्म नहीं होता बे’, यह मशहूर डायलॉग सुनते ही आंखों के सामने ‘मसान’ फिल्म का वह संजीदा लड़का आ जाता है, जिसने अपनी दमदार अदाकारी से हर किसी को प्रभावित किया। आज वही लड़का बॉलीवुड का ‘छावा’ बनकर न केवल देश में बल्कि दुनियाभर में अपनी पहचान बना चुका है। हम बात कर रहे हैं ऊर्जावान और प्रतिभाशाली अभिनेता विक्की कौशल की, जो आज अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं। इंजीनियरिंग की पढ़ाई छोड़कर अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाले विक्की ने 27 साल की उम्र में फिल्म ‘मसान’ से एक अविस्मरणीय शुरुआत की थी।
इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। ‘राज़ी’ में एक संवेदनशील पति के रूप में, ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ में एक पराक्रमी सैनिक के रूप में, और ‘सरदार उधम’ में एक क्रांतिकारी के रूप में विक्की ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का लोहा मनवाया। हाल ही में आई फिल्म ‘सैम बहादुर’ में उनकी प्रभावशाली भूमिका ने उन्हें और भी ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। अपनी बेहतरीन एक्टिंग के साथ-साथ विक्की अपने शानदार डांस मूव्स और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए भी जाने जाते हैं, जिसके कारण वह लाखों दिलों पर राज करते हैं। आज उनके जन्मदिन पर उनके प्रशंसक और साथी कलाकार उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना कर रहे हैं।