बालू विवाद में खूनी संघर्ष, एक ही परिवार के 3 सदस्यों की गोली मारकर हत्या, 2 घायल
बिहार में एक नृशंस हत्याकांड सामने आया है, जहां आपसी विवाद के चलते एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। यह घटना शनिवार (24 मई) सुबह बिहार के बक्सर जिले के राजपुर ब्लॉक के अहियापुर इलाके में हुई। जानकारी के अनुसार, यह हत्याकांड बालू से जुड़े विवाद के कारण हुआ है, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों को अंधाधुंध गोलियां बरसाकर मार डाला गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस फिलहाल आरोपियों की तलाश कर रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, जमीन को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार सुबह बालू को लेकर दोनों परिवारों के बीच फिर से विवाद छिड़ गया, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई। इस गोलीबारी में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य सदस्य गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि बालू विवाद के चलते एक ही परिवार के पांच सदस्यों को गोली मारने का प्रयास किया गया था, जिसमें तीन की मौके पर ही मौत हो गई और दो घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजपुर थाने के एसपी शुभम आर्य ने बताया, “यह घटना शनिवार सुबह 5:15 बजे हुई।” राजपुर थाने के एसएचओ संतोष कुमार ने मीडिया को बताया, “अहियापुर गांव में मामूली बात पर दो गुटों के बीच गोलीबारी की खबर मिली थी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पांच लोगों को कई गोलियां लगने की हालत में देखा। मृतकों में से दो की पहचान विनोद सिंह और वीरेंद्र यादव के रूप में हुई है, जबकि तीसरे की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। हालांकि, घटना का सही कारण अभी तक पता नहीं चला है। कुछ ग्रामीणों का दावा है कि मामूली विवाद के चलते गोलीबारी हुई है।”