पेट से आने वाली ‘गुड़गुड़’ की आवाज: सामान्य शारीरिक प्रतिक्रिया या खतरे का संकेत?

नई दिल्ली: कई बार पेट से अचानक ‘गुड़गुड़’ की आवाज आने पर हम असहज हो जाते हैं खासकर शांत माहौल में। यह आवाज चाहकर भी रोकी नहीं जा सकती और ज़्यादातर लोग इसे केवल भूख का संकेत मानते हैं। हालांकि, डॉक्टरों के अनुसार, यह मामला इससे कहीं ज़्यादा जटिल और वैज्ञानिक है।

विशेषज्ञ बताते हैं कि इस आवाज को चिकित्सकीय भाषा में बोरबोरिग्मी (Borborygmi) कहा जाता है। यह एक प्रकार की अनैच्छिक प्रतिक्रिया है यानी इच्छा के विरुद्ध शरीर की एक सामान्य प्रतिक्रिया। जब भोजन, तरल पदार्थ और गैस पेट तथा आंतों के बीच चलते हैं, तब आंतों की मांसपेशियों के संकुचन-विस्तार से यह ध्वनि उत्पन्न होती है। विशेष रूप से भोजन पचाने के दौरान या खाली पेट दिमाग से पाचन तंत्र को संकेत भेजने पर यह आवाज ज़्यादा सुनाई देती है।

किन कारणों से आती है यह आवाज?

आमतौर पर भूख लगने पर, भोजन के पाचन के दौरान, या जब हवा और गैस पेट के अंदर घूमती है तब यह आवाज आती है। पेरिस्टालसिस नामक एक प्रक्रिया के माध्यम से आंतें भोजन को आगे धकेलती हैं। इसके अलावा, दूध उत्पादों को पचाने में कठिनाई, कार्बोनेटेड पेय का सेवन या अत्यधिक हवा निगलना भी पेट में गुड़गुड़ाहट का कारण हो सकता है।

कब चिंता का कारण?

हालांकि, अगर इस आवाज के साथ पेट दर्द, गैस, पेट फूलना या दस्त जैसे लक्षण हों, तो यह इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS), गैस्ट्रोएंटेराइटिस या फूड इनटॉलरेंस का लक्षण हो सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि “तनाव या मानसिक चिंता भी पाचन प्रक्रिया को प्रभावित करती है, जिसके कारण ऐसी आवाजें आ सकती हैं। यदि ये लक्षण नियमित रूप से होते हैं, तो लापरवाही न करें और तुरंत चिकित्सा सहायता लें।”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *