कोरोना के नए वेरिएंट ने बढ़ाई चिंता! इन लक्षणों से पहचानें और रहें सावधान
मास्क, सैनिटाइजर, सामाजिक दूरी, क्वारंटाइन। 2019 के अंत से ये शब्द हर किसी की ज़िंदगी का हिस्सा बन गए थे। इसकी वजह था चीन से फैला जानलेवा कोरोना वायरस, जिसकी चपेट में आकर दुनिया भर में 70 लाख से ज़्यादा लोगों की मौत हुई थी। उस मुश्किल दौर को पीछे छोड़कर देश सामान्य ज़िंदगी में लौट चुका है।
हालांकि, एक बार फिर खतरे की घंटी बज रही है। देश भर में कोविड के मामले फिर से बढ़ रहे हैं। नए वेरिएंट के कारण संक्रमण तेज़ी से फैल रहा है। कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और सिक्किम में भी नए मामले सामने आए हैं।
रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी और JN.1 के सबवेरिएंट LF.7 और NB.1.8 के बढ़ते प्रभाव को संक्रमण बढ़ने की मुख्य वजह माना जा रहा है। JN.1 ओमिक्रॉन BA.2.86 का सबवेरिएंट है, जिसे पहली बार अगस्त 2023 में देखा गया था। विशेषज्ञों का मानना है कि समय के साथ वैक्सीन से मिलने वाली सुरक्षा कम होती जा रही है, खासकर 65 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों में संक्रमित होने का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा, मौसमी संक्रमण, सामाजिक मेलजोल में वृद्धि और यात्रा को भी संक्रमण बढ़ने के प्रमुख कारणों में गिना जा रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अभी घबराने की ज़रूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरतना ज़रूरी है। आइए जानते हैं कोरोना के नए वेरिएंट के लक्षणों को, जिनसे आप संक्रमित होने का पता लगा सकते हैं:
- बुखार
- सर्दी
- गले में खराश
- सिर दर्द
- अत्यधिक थकान
- जोड़ों में दर्द
- मांसपेशियों में दर्द
- गैस, एसिडिटी की समस्या
अगर आपको ये लक्षण महसूस होते हैं, तो तुरंत सावधान हो जाएं। डॉक्टरों की सलाह है:
- भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनें।
- बाहर से लौटने के बाद हाथ-पैर धोएं।
- अपने कपड़े तुरंत बदलें।
- खाने से पहले सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें।
- ज़रूरत पड़ने पर विशेषज्ञ से सलाह लें।