शाह का ऐलान, बरसात में भी नहीं बख्शे जाएंगे माओवादी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर में घोषणा की है कि इस साल बरसात के मौसम में भी माओवादियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आमतौर पर मानसून के दौरान सुरक्षा बलों के लिए अभियान चलाना मुश्किल होता है, जिससे माओवादियों को कुछ राहत मिल जाती है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। शाह ने जोर देकर कहा कि 2026 तक देश को माओवाद मुक्त करने के लक्ष्य की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
शाह ने माओवादियों से हथियार छोड़कर पुनर्वास योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछले डेढ़ साल में माओवाद विरोधी अभियानों में काफी तेजी आई है। गृह मंत्री ने रविवार को रायपुर में माओवाद प्रभावित राज्यों के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक भी की, जिसमें अभियान की रणनीति पर चर्चा की गई।