आरसीबी के सितारे यश दयाल पर गंभीर आरोप, महिला ने लगाई सीएम से न्याय की गुहार

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को आईपीएल 2025 का खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय क्रिकेटर यश दयाल बड़ी मुश्किल में फंस गए हैं। एक महिला ने उन पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, हिंसा और धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़िता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का दावा है कि वह पिछले पांच साल से दयाल के साथ रिश्ते में थी और क्रिकेटर ने उसके साथ भावनात्मक, मानसिक और शारीरिक शोषण किया।
महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि क्रिकेटर ने उसे अपने परिवार से भावी बहू के तौर पर मिलवाकर विश्वास जीता था। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने धोखाधड़ी का विरोध किया, तो उसे शारीरिक हिंसा और मानसिक प्रताड़ना का शिकार होना पड़ा। उसने यह भी आरोप लगाया कि दयाल ने इसी तरह कई अन्य महिलाओं के साथ भी झूठे संबंध बनाए। पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले पर अभी तक यश दयाल की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।