रूस का यूक्रेन पर भीषण हवाई हमला, शांति की उम्मीदों को लगा झटका

रूस ने यूक्रेन पर शुक्रवार रात अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया, जिससे शांति वार्ता की संभावनाएं एक बार फिर धूमिल हो गई हैं। यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, रूस ने कुल 537 हवाई हथियार दागे, जिनमें 477 ड्रोन और 60 मिसाइलें शामिल थीं। इनमें से 249 को मार गिराया गया, जबकि 226 संभवतः इलेक्ट्रॉनिक रूप से जाम हो गए। यूक्रेन की वायु सेना के संचार प्रमुख यूरी इहनात ने बताया कि यह फरवरी 2022 में रूसी आक्रमण की शुरुआत के बाद से देश पर सबसे बड़ा हमला था।
इस बड़े हमले में पश्चिमी यूक्रेन के कई क्षेत्रों को निशाना बनाया गया। यूक्रेनी वायुसेना ने यह भी बताया कि हवाई लक्ष्यों को भेदने के प्रयास में पश्चिमी सहयोगियों से मिला एक अमेरिकी F-16 लड़ाकू जेट क्षतिग्रस्त होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और पायलट की मौत हो गई। इस बीच, रूस ने डोनेट्स्क क्षेत्र में नोवोक्रेंका गांव पर नियंत्रण करने का दावा किया है, जिससे यह संकेत मिलता है कि रूसी सेना धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है।