डिजिटल जनगणना की तैयारी, पहला चरण 2026 से

भारत की अगली और आजादी के बाद की आठवीं जनगणना का पहला चरण 1 अप्रैल, 2026 से शुरू होगा। इस दौरान देश भर में घरों की गणना की जाएगी। भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को लिखे पत्र में यह जानकारी दी है। इस पहले चरण में घरों की आवासीय स्थिति, संपत्ति और उपलब्ध सुविधाओं से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी।
जनगणना का दूसरा चरण 1 फरवरी, 2027 से शुरू होगा, जिसमें हर घर के प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय, सामाजिक-आर्थिक और सांस्कृतिक जानकारी इकट्ठा की जाएगी। इस बार की जनगणना मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल माध्यम से की जाएगी और नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा भी मिलेगी। केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 31 दिसंबर, 2025 तक प्रशासनिक इकाइयों की सीमा में किसी भी प्रस्तावित बदलाव को पूरा करने का निर्देश दिया है, ताकि जनगणना कार्य की सटीकता सुनिश्चित हो सके।