पुतिन का अजरबैजान को कड़ा संदेश, 24 घंटे में सातवां व्यक्ति गिरफ्तार

रूस और अजरबैजान के बीच बढ़ते तनाव के बीच रूस ने अजरबैजानी प्रवासियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। येकातेरिनबर्ग की लेनिन्स्की जिला अदालत ने अजरबैजानी प्रवासियों से जुड़े मामले में सातवें आरोपी कमर सफारोव को 19 जुलाई तक के लिए हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब अजरबैजान लगातार रूस के खिलाफ कदम उठा रहा है, जिसमें रूसी पत्रकारों की गिरफ्तारी और रूसी नागरिकों पर मादक पदार्थ तस्करी के आरोप शामिल हैं।
यह घटनाक्रम दोनों देशों के बीच संबंधों में आई खटास को दर्शाता है। अजरबैजान द्वारा रूसी नागरिकों की हिरासत में मौत का आरोप लगाने के बाद से तनाव और बढ़ा है। रूस आर्मेनिया का समर्थक है, जबकि अजरबैजान ने हाल ही में तुर्की और यूक्रेन के साथ सैन्य व आर्थिक संबंध मजबूत किए हैं, जिससे रूस को आपत्ति है। दोनों देशों के बीच लगातार बिगड़ते संबंधों से रूसी मानवाधिकार संगठन हिरासत में मौतों और नस्लीय भेदभाव पर सवाल उठा रहे हैं।